अमृतसर। पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक किलो 14 ग्राम हेरोइन और 2000 रुपये की ड्रग मनी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदेव सिंह उर्फ सुखा और साहिल कुमार उर्फ मस्त, निवासी गेट हकीमा, अमृतसर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार थाना गेट हकीमा पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी इलाके में नशे का धंधा कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से हेरोइन की बड़ी खेप और नकदी बरामद हुई।
इस संबंध में थाना गेट हकीमा में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की खेप को इलाके में सप्लाई करने की फिराक में थे। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि इस नशे की खेप उन्हें कहां से मिली और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों ने साफ किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

