आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में तीन आतंकी गिरफ्तार

voice punjabtime
2 Min Read

 

अमृतसर। दशहरे की रात आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे तीन आरोपियों को अमृतसर पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को आरोपियों के कब्जे से हैंड ग्रेनेड बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में थे और इन्हें सीमा पार से ड्रोन के जरिए ग्रेनेड भिजवाए गए थे। पकड़े गए इन आतंकियों में धर्मेंद्र नाम का भारतीय सेवा का एक पूर्व कमांडो भी शामिल है।

 

जानकारी के अनुसार, खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अमृतसर जिले के सीमावर्ती इलाके में कार्रवाई की। इस दौरान तीनों आरोपियों को धर दबोचा गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपियों की योजना दशहरे के मौके पर भीड़-भाड़ वाले इलाकों में विस्फोट कर दहशत फैलाने की थी, ताकि राज्य का माहौल खराब किया जा सके।

 

पुलिस ने बताया कि आईएसआई की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं कि पंजाब और सीमावर्ती जिलों में अशांति फैलाई जाए। ड्रोन के जरिए हथियार, ग्रेनेड और नशा तस्करी की सामग्री भिजवाई जाती है। बरामद हैंड ग्रेनेड को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

 

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि राज्य में त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और किसी भी आतंकी मंसूबे को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने दावा किया है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *