जगरांव में मोटरसाइकिल सवार लूटेरों द्वारा लगातार लूटपाट और छीना-झपटी की घटनाओं का सिलसिला जारी है लेकिन पुलिस कुंभकरण की नींद सो रही है ।ताजा मामले में जगरांव के शास्त्री नगर की गली नंबर चार में रविवार शाम प्रदीप करियाणा स्टोर के बाहर एक्टिवा से उतर अपने घर जा रही युवती वैशाली के गले से दो बाइक सवारों ने सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।
घटना उस समय हुई जब वैशाली अपनी एक्टिवा पर सवार होकर घर के पास पहुंची थी कि पीछे से आए मोटरसाइकिल सवारों में से एक युवक ने झपट्ट मारकर उसके गले से सोने की चेन तोड़ ली। पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि वारदात के समय बाइक के पीछे और आसपास बहुत लोग गुजर रहे थे, लेकिन युवती द्वारा चिल्लाने और मदद के लिए पुकारने के बावजूद किसी ने भी सहायता नहीं की। सीसीटीवी में साफ दिखाई दे रहा है कि मोटरसाइकिल सवार दोनों आरोपी पहले पीड़ित की एक्टिवा से काफी आगे निकल गए, फिर पीछे बैठे युवक पैदल वैशाली तक पहुंचा और बड़ी आसानी से चेन झपटकर दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।फरार होते समय उनके चेहरे और मोटरसाइकिल का नंबर पूरी तरह साफ नजर आए।जानकारी के अनुसार, पुलिस हर मामले में पीड़ित की शिकायत तो दर्ज कर लेती है, लेकिन अधिकांश मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की जाती, जिससे आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई में देरी होती है और अपराधियों को खुले आम घूमने का मौका मिलता है।शहर में झपटमारी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खास तौर पर महिलाओं और बुजुर्गों को निशाना बनाया जा रहा है। आरोपियों द्वारा मोबाइल फोन और गले से सोने की चेन छीनने की वारदातें आम हो गई हैं। पिछले कुछ समय में स्कूल से लौट रही महिला अध्यापकों को भी अपराधियों ने अपना निशाना बनाया है लेकिन इन घटनाओं की रिपोर्ट में एफआईआर दर्ज ही नहीं हुई।
शास्त्री नगर में सोने की चेन छीनी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
Leave a comment

