भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के 19वें पाईटैक्स का औपचारिक उदघाटन शुक्रवार की शाम गुरु की नगरी में किया। अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति कोविंद ने कहा कि देश के राष्ष्ट्रगान में भी पंजाब सबसे पहले आता है। ब्रेड बास्केट ऑफ इंडिया के रूप में प्रसिद्ध रहा पंजाब आज बदल रहा है। यहां कृषि विभिन्नता नया रूप ले रही है। पंजाब आज एमएसएमई, इज ऑफ डुइंग बिजनेस के क्षेत्र में पावर हब बनता जा रहा है। इसका श्रेय पंजाब के मेहनत कश लोगों को जाता है। रामनाथ कोविंद ने कहा कि पंजाब हिम्मत, त्याग और उद्यम की जीती-जागती मिसाल है। उन्होंने पीएचडीसीसीआई प्रबंधकों को 19वें पाईटैक्स के लिए बधाई देते कहा कि वह इसका विस्तार पंजाब से बाहर करें। पाईटैक्स के नाम से इस तरह का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली में भी किया जाए तो इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसार होगा।
पंजाब पारंपरिक रूप से हमारे देश का अन्न भंडार रहा है, जिसने लाखों लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है। खेती के अलावा, पंजाब व्यापार, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई ग्रोथ और ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप के केंद्र के रूप में भी उभरा है। उन्होंने कहा कि पाईटैक्स ऐतिहासिक प्लेटफ़ॉर्म के रूप में विकसित हुआ है जो घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उद्यमों को एक साथ लाता है, सीमा पार साझेदारी को बढ़ावा देता है और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करता है। यह एक्सपो सिर्फ़ एक बिजऩेस प्रदर्शनी नहीं है। पीएचडीसीसीआई के सेक्टरी जनरल नवीन सेठ ने चैंबर के बारे में विस्तृत रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि वर्तमान मेें चैंबर के साथ एक लाख 50 हजार उद्यमी जुड़े हुए हैं, जिनमें करीब 75 फीसदी एमएसएमई क्षेत्र के हैं।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति ने चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अशोक खन्ना, आशीष बरगोडिय़ा, टेक्स एंड टैक फोरम की रीजनल चेयर हिमानी अरोड़ा को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया।

