जेल से चल रहा था हेरोइन तस्करी का गैंग, मां संभाल रही थी ड्रग मनी—खन्ना पुलिस ने बड़े ड्रग रैकेट का किया भंडाफोड़

voice punjabtime
3 Min Read

 

 

 

खन्ना पुलिस ने जेल से चल रहे एक बड़े ड्रग ट्रैफिकिंग रैकेट का भंडाफोड़ कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि जेल में बंद सुनील कुमार उर्फ बची निवासी समराला जोकि जेल के अंदर से ही मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर चिट्टे (हेरोइन) का पूरा गैंग चला रहा था। हैरानी की बात यह है कि इस गैर-कानूनी धंधे में उसकी मां घर पर बैठकर ड्रग से होने वाली कमाई यानी ड्रग मनी को संभाल रही थी।

 

पुलिस के पास अनुसार यह ड्रग ट्रैफिकिंग नेटवर्क काफी समय से सक्रिय था और अलग-अलग जिलों में हेरोइन की सप्लाई की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सुनील कुमार उर्फ बच्ची को प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया। पूछताछ के दौरान जेल में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया, जिसके जरिए ड्रग सप्लाई, पैसों का लेन-देन और गैंग के सदस्यों से संपर्क किया जा रहा था।

 

इस बड़े रैकेट का खुलासा 06.01.2026 को उस समय हुआ, जब पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान अंग्रेज सिंह, निवासी तरनतारन और जशनप्रीत सिंह, निवासी बठिंडा को कार नंबर PB03BQ8005 सहित गिरफ्तार किया। कार की तलाशी लेने पर 4 किलो 215 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में नशा मिलने के बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की।

 

आगे की जांच में हर्षदीप सिंह, निवासी गांव दिवाला, थाना समराला और प्रभजोत सिंह उर्फ प्रभ, निवासी गांव कटानी खुर्द, थाना कूम कलां, जिला लुधियाना को नामजद कर 09.01.2026 को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद गहरी पूछताछ में कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें मनप्रीत चौधरी उर्फ भीमा, निवासी दोराहा; प्रभजोत सिंह, निवासी माछीवाड़ा साहिब; अनमोल सिंह उर्फ आकाश, निवासी कटानी खुर्द; गुरतेज सिंह उर्फ गुरी, निवासी गांव सठियाला (वर्तमान निवासी खरड़); सनी, निवासी अमलोह; लव उर्फ कालू, निवासी जगराओं; अर्शदीप सिंह, निवासी कपूरथला; अमरीक सिंह उर्फ विक्की मराडे, निवासी लुधियाना; कुवरवीर सिंह, निवासी बहादुरके और परमवीर सिंह उर्फ परम, निवासी गांव गेहलेवाल शामिल हैं।

 

पुलिस के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क में कुल 18 लोगों की पहचान की गई है, जिनमें से 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। कार्रवाई के दौरान सुनील कुमार उर्फ बच्ची और गुरतेज सिंह उर्फ गुरी से 2 पिस्टल .30 बोर मैगजीन समेत, 95 ग्राम हेरोइन और 2 लाख रुपये ड्रग मनी बरामद की गई। वहीं, मनप्रीत चौधरी उर्फ भीमा से 100 ग्राम हेरोइन मिली है।

 

पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले समय में इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *