अबोहर के बहावलवासी और बल्लूआना के मध्य आज सुबह रेलवे लाइनों के किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। मृतक की आयु करीब 50 वर्ष बताई जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि बीती रात किसी चलती ट्रेन से गिरने के कारण उसकी मौत हुई है। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस अबोहर मौके पर पहुंची और नर सेवा नारायण सेवा समिति के सहयोग से शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
जानकारी देते हुए रेलवे पुलिस के बलदेव सिंह ने बताया कि सुबह स्टेशन मास्टर द्वारा सूचना दी गई थी कि बहावलवासी के पास रेलवे लाइनों के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वे हवलदार सुखविंदर सिंह और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर मौजूद गैंगमैन से पूछताछ की। गैंगमैन ने बताया कि ड्यूटी के दौरान रेलवे ट्रैक पर गश्त करते समय उसने व्यक्ति को मृत अवस्था में पड़ा देखा, जिसके बाद उसने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचित किया।
सूचना मिलते ही नर सेवा नारायण सेवा समिति के बिट्टू नरुला अपने साथियों सहित मौके पर पहुंचे।
शव को पोस्टमार्टम और पहचान की कार्रवाई के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—

