बठिंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6.5 किलो अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

voice punjabtime
2 Min Read

 

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बठिंडा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 6.5 किलो अफीम बरामद कर दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पंजाब पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “युद्ध नशे विरुद्ध” अभियान के अंतर्गत की गई। रविवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी (सिटी) नरेंद्र सिंह, डीएसपी (सिटी-1) अमृतपाल सिंह भाटी ने बताया कि बीती 14 फरवरी को थाना कैनाल कालोनी के अंतर्गत चौकी वर्धमान की पुलिस पार्टी ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के लिए बादल–बठिंडा रोड पर महाराजा रंजीत सिंह तकनीकी विश्वविद्यालय के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान बठिंडा–डबवाली रोड की ओर से आ रही एक स्विफ्ट डिज़ायर कार (नंबर पीबी-29एजी-3454) को रोका गया। कार में सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर 4 किलो अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान जगसीर सिंह उर्फ सीरा निवासी घुम्मन कलां हाल आबाद वार्ड नंबर 6 भारत नगर, सिटी-2 मानसा और महिंदर सिंह निवासी गांव गिलकलां हाल आबाद जस्सी पौ वाली बठिंडा के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान जगसीर सिंह की निशानदेही पर 2.5 किलो और अफीम बरामद की गई, जिससे कुल बरामदगी 6.5 किलो हो गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपित यह अफीम राजस्थान से लाकर पंजाब में सप्लाई करने की फिराक में थे। इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए पूछताछ जारी है और पुलिस को कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। बरामदगी में 6.5 किलो अफीम के साथ एक स्विफ्ट डिज़ायर कार भी शामिल है। दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार जगसीर सिंह के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस और अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं, जबकि महिंदर सिंह के खिलाफ कोई पूर्व आपराधिक रिकार्ड सामने नहीं आया है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *