पंजाब के मोगा जिले में सोमवार को ‘युद्ध नशा विरुद्ध-2’ रैली के विरोध के लिए जा रहे किसानों को पुलिस ने रास्ते में ही रोक दिया। जानकारी के अनुसार पंजाब पुलिस ने भारी पुलिस बल के साथ किसानों की घेराबंदी कर उन्हें रैली स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। किसान नेता का कहना है कि किल्ली चहला में आयोजित इस रैली के विरोध के लिए किसान जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें करीब 5-6 किलोमीटर पहले ही तलवंडी मलिया से कोकरी कलां लिंक रोड पर रोक लिया। बताया जा रहा है कि लगभग 150 किसानों को सुबह करीब 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक वहीं रोके रखा गया। किसान नेताओं के अनुसार प्रशासन ने रास्तों पर बैरिकेडिंग कर दी थी और कई जगह पुलिस वाहन खड़े करके रास्ता पूरी तरह बंद किया गया, ताकि कोई भी प्रदर्शनकारी रैली स्थल तक न पहुंच सके। कुछ किसान नेताओं का यह भी आरोप है कि कई प्रमुख किसान आगुओं को पहले ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया था।
किसानों का कहना है कि वे रैली में पहुंचकर पंजाब सरकार से नशे के मुद्दे और किसानों से जुड़े सवाल उठाना चाहते थे, लेकिन प्रशासन ने उन्हें अपनी बात रखने का अवसर नहीं दिया। इस मौके पर पुलिस के कई बड़े अधिकारी मौके पर मौजूद रहे ताकि रैली के कार्यक्रम में कोई रुकावट न आए

