तरनतारन जिले के गांव शेरों में एक वेडिंग पैलेस में फंक्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के सरपंच के सिर में गोली मारकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने रविवार सुबह गांव नौशेरा पन्नू के पास एनकाउंटर के बाद बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनमें से एक ने शूटरों का साथ दिया था।
SSP सुरेंद्र लांबा ने बताया कि थाना सरहाली की पुलिस के अलावा CIA स्टाफ और AGTF की टीमें हत्या वाले दिन से ही शूटरों के पीछे लगी हुई थीं। रविवार सुबह एक टिप-ऑफ के आधार पर वे नौशेरा पन्नू इलाके में मौजूद थे। इस दौरान बाइक सवार दो संदिग्धों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी और भागने की कोशिश की। लेकिन जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों घायल हो गए। उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान शरणप्रीत सिंह निवासी चोहला साहिब और हरदीप सिंह के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पता चला है कि शरणप्रीत सिंह ने सरपंच को गोली मारने वाले शूटर का साथ दिया था। मौके से 30 बोर और 9 mm की दो पिस्तौलें बरामद की गई हैं।

