धर्मकोट के अधीन आते गांव जलालाबाद पूर्वी में वीरवार को दिनदहाड़े डकैती की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश लुटेरों ने सरकारी शिक्षक मास्टर सुखपाल सिंह के घर में घुसकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण, नकदी व अन्य कीमती सामान लूट लिया। वारदात के दौरान घर में अकेली मौजूद महिला को नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया गया। जानकारी के अनुसार मास्टर सुखपाल सिंह किसी पारिवारिक काम से बाहर गए हुए थे और घर पर उनकी पत्नी बनजीत कौर अकेली थी। सुबह करीब 11:45 बजे दो नकाबपोश युवक ने मोटरसाइकल पर आए एक दीवार फांदकर घर में घुसा और अंदर से दरवाजा खोल लिया और दूसरा भी मोटरसाइकल लेकर घर के अंदर घुस गया महिला द्वारा शोर मचाने की कोशिश करने पर आरोपी ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह के जरिए नशीला इंजेक्शन देकर बेहोश कर दिया। इसके बाद आरोपी ने आराम से घर की अलमारियां खंगालीं और करीब 10 तोले सोना, 20 हजार रुपये की नकदी, एलईडी टीवी, इन्वर्टर बैटरी सहित अन्य कीमती सामान समेट लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी करीब आधे घंटे तक घर में रहा और बाद में मोटरसाइकिल पर फरार हो गया। घटना का पता उस समय चला जब पड़ोस की एक महिला पानी लेने के लिए घर पहुंची। उसने खिड़की के पास बनजीत कौर को बेसुध हालत में देखा और अंदर जाकर उनके हाथ-पैर खोलकर मुंह से कपड़ा हटाया, जिससे उनकी जान बच गई। इसके बाद परिवार को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पूरी वारदात घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है। पीड़ित सुखपाल सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर 2024 को भी उनके घर इसी तरह की लूट की वारदात हो चुकी है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले मामले में ठोस कार्रवाई न होने के कारण ही अपराधियों के हौसले बुलंद हुए हैं।

