मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3 किलो अफीम सहित एक आरोपी गिरफ्तार
मोगा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ मोगा ने गुप्त सूचना के आधार पर एक व्यक्ति को करीब 3 किलो अफीम के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एस पी डी बालकृष्णन सिंगला ने बताया कि सीआईए स्टाफ मोगा की पुलिस पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरदेव सिंह निवासी दोलेवाला गांव बरे बस स्टैंड के पास भारी मात्रा में नशीला पदार्थ लेकर किसी का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए थाना कोट ई शेखा में मामला दर्ज कर मौके पर रेड की और आरोपी गुरदेव सिंह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से करीब 3 किलो अफीम बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना सिटी में मामला दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा और मामले की गहराई से जांच जारी है। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी तरह जारी रहेगी।

