जालंधर। जालंधर के सईपुर इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। छत पर खेल रहे ढाई साल के मासूम के साथ मोहल्ले के ही एक व्यक्ति ने अश्लील हरकत करने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि आरोपी बच्चे का मुंह पकड़कर घिनौनी हरकत कर रहा था। मामला तब उजागर हुआ जब एक अन्य बच्चे ने नीचे आकर “गंदा अंकल” कहकर शोर मचाया। शोर सुनकर एक व्यक्ति तुरंत छत पर पहुंचा और वहां का दृश्य देखकर सन्न रह गया। उसने आरोपी का विरोध किया तो आरोपी ने उससे हाथापाई शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। शोर सुनते ही बच्चे की मां और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पास के पार्क से ढूंढ निकाला और उसकी पिटाई कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चौकी फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी ले गई।
घटना के बाद आरोपी की पत्नी भी मौके पर पहुंची और पति की गलती मानते हुए लोगों से माफी की गुहार लगाई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मासूम बच्चे के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

