मोगा जिले के कस्बा समालसर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुछ युवकों द्वारा एक नौजवान की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित की पहचान अमनदीप सिंह उर्फ जुगनू के रूप में हुई है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने के चलते उसे गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज, फरीदकोट रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित अमनदीप सिंह ने पुलिस पर ढीली कार्रवाई के आरोप लगाते हुए इंसाफ की मांग की है।
वहीं दूसरी ओर, पिटाई के आरोपी रुपिंदर सिंह उर्फ पिंदी ने भी सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है। उसने धमकी भरे अंदाज में कहा कि जो भी उनके परिवार के खिलाफ आएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा, और अन्य लोगों को भी “सबक सिखाने” की बात कही।
इस मामले में बाघा पुराना के डीएसपी दलवीर सिंह ने बताया कि इससे पहले भी इन व्यक्तियों की एक वीडियो सामने आई थी, लेकिन उस समय ठोस सबूत न मिलने के कारण सख्त धाराएं नहीं लगाई जा सकीं। हालांकि पुलिस ने उस समय भी केस दर्ज कर कार्रवाई की थी और एसडीएम के माध्यम से उनकी जमानत हुई थी।डीएसपी ने कहा कि अब वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से मारपीट दिखाई दे रही है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पहले लिए गए प्रिवेंटिव एक्शन के तहत भरी गई जमानतों को रद्द करवा कर जमानत राशि को सरकारी खजाने में जमा कराया जाएगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा
ए जाएंगे।

