जालंधर। शहर के गुरु नानक पुरा वेस्ट इलाके में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। घर के बाहर गली में खेल रही 7 वर्षीय मासूम राधिका को एक कार चालक ने गाड़ी मोड़ते समय कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक जो मूल रूप से मोगा जिले का रहने वाला बताया जा रहा है, अपने रिश्तेदार से मिलने आया था। जब वह गली में कार मोड़ रहा था, तो उसने नीचे खेल रही बच्ची को नहीं देखा और बिना सावधानी बरते गाड़ी आगे बढ़ा दी। बच्ची को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह टायरों के नीचे आ गई। हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। परिजन राधिका को लहूलुहान हालत में देख बदहवास हो गए। मोहल्ले के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मासूम की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

