मोगा-जालंधर रोड पर गांव चौधरीवाला के पास एक स्कॉर्पियो गाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में मृतक की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गैरी (उम्र करीब 29 वर्ष) निवासी धर्मकोट के रूप में हुई है, जो रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत सिंह सुबह अपनी दुकान पर पहुंचे थे और अपने भाई को यह कहकर निकले कि वह अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी धुलवाने जा रहे हैं। काफी समय तक वापस न लौटने और फोन न उठाने पर परिजनों को शक हुआ। इसके बाद उनके भाई ने गाड़ी की जीपीएस लोकेशन ट्रैक की, जो मोगा-जालंधर रोड पर गांव चौधरीवाला के पास मिली। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि गुरप्रीत सिंह गाड़ी के अंदर खून से लथपथ हालत में पड़े थे। उन्हें तुरंत मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

