पिछले तीन महीनों से वेतन न मिलने से नाराज़ NHM और आशा वर्करों ने आज पूरे पंजाब में पंजाब सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इसी कड़ी में मोगा में भी NHM और आशा वर्करों ने सिविल सर्जन कार्यालय के बाहर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। इस मौके पर भारी गिनती में NHM और आशा वर्कर इस धरने में शामिल हुए।
प्रदर्शनकारी आशा वर्करों ने कहा कि उन्हें पिछले तीन महीनों से वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके परिवारों का गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार उनसे पूरा काम ले रही है, लेकिन जब वेतन देने की बात आती है तो उनकी कोई सुनवाई नहीं होती। आशा वर्करों ने बताया कि वे 10 लाख रुपये की बीमा योजना के तहत कैंप लगाकर और घर-घर जाकर लोगों से फॉर्म भरवा रही हैं, फिर भी उनका बकाया वेतन जारी नहीं किया गया है। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द तीन महीने का लंबित वेतन जारी करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उनका संघर्ष और तेज किया जाएगा तथा अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।

