मोगा/बाघापुराना: गांव जैमलवाला में एक बेहद दुखद और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 22 वर्षीय युवक हरप्रीत सिंह ने कथित मानसिक प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद बाघापुराना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बाघापुराना के एएसआई जसविंदर सिंह के अनुसार, मृतक की मां अमनदीप कौर पत्नी निर्भय सिंह ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनका बेटा हरप्रीत सिंह गांव की ही रहने वाली प्रीत कौर के साथ पिछले कुछ महीनों से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। परिवार के मुताबिक दोनों आपसी सहमति से शांतिपूर्वक रह रहे थे, लेकिन युवती की बुआ कुलदीप कौर उर्फ कीपा इस रिश्ते का विरोध करती थी और अक्सर परिवार को परेशान करती रहती थी।
शिकायत के अनुसार, 26 मई 2026 को कुलदीप कौर उर्फ कीपा कथित तौर पर जबरन उनके घर में घुस आई और परिवार के साथ गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थर फेंकने लगी। आरोप है कि इस दौरान एक ईंट हरप्रीत सिंह के सिर पर लगी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद आरोपी महिला अपनी भतीजी प्रीत कौर को अपने साथ ले गई।
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि इस घटना के बाद हरप्रीत सिंह मानसिक रूप से टूट गया था। सार्वजनिक अपमान, मारपीट और अपनी पार्टनर से अलग होने के कारण वह गहरे तनाव और अवसाद में चला गया। इसी मानसिक दबाव के चलते 29 मई 2026 को घर में अकेले होने पर उसने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
बाघापुराना पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 108 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच कर रहे एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी कुलदीप कौर उर्फ कीपा को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

