डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लोगों को 10 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान करने के लिए चलाई जा रही मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत मोगा जिले में 8.61 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के अंतर्गत प्रत्येक योग परिवार को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक का मुफ्त एवं कैशलेस इलाज प्रदान किया जाता है। यह सुविधा सभी सरकारी तथा सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। योजना में लगभग सभी बीमारियों, जांचों तथा दवाइयों का खर्च शामिल है।
उन्होंने बताया कि जिला मोगा में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत अब तक 1.71 लाख कार्ड जारी किए जा चुके हैं। जिले के सरकारी एवं निजी अस्पतालों द्वारा अब तक कुल 8 करोड़ 61 लाख 82 हजार 969 रुपये के दावे प्रस्तुत किए गए हैं, जिनमें से 6 करोड़ 34 लाख 40 हजार 717 रुपये के दावों का भुगतान किया जा चुका है। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत अस्पतालों को समय पर भुगतान किया जा रहा है ताकि किसी भी व्यक्ति को इसका लाभ लेने में कोई परेशानी न हो।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही एक स्थानीय हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया जाएगा ताकि लोगों की समस्याओं का उचित समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय सरकारी अस्पतालों और सेवा केंद्रों से संपर्क करके यह कार्ड बनवाया जा सकता है। मोबाइल पर आयुष्मान ऐप डाउनलोड करके व आयुष्मान ऐप पोर्टल पर जाकर खुद भी रजिस्ट्रेशन की जा सकती है।
डिप्टी कमिश्नर श्री सागर सेतिया ने बताया कि जिला प्रशासन मोगा और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक कार्ड बनाए जा रहे हैं। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि वे अपना मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना कार्ड अवश्य बनवाएं।
इस अवसर पर जसपिंदर सिंह, सभी एसडीएम तथा स्वास्थ्य विभाग एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के अधिकारी
उपस्थित थे।

