देशभर में आयोजित नीट परीक्षा के तहत मोगा जिले में बनाए गए दोनों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिले में परीक्षा के लिए मोगा भीम नगर सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मेन बाजार को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। दोनों केंद्रों पर कुल 960 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले विद्यार्थियों की सघन जांच की गई। परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू हुई और शाम 5:15 बजे संपन्न हुई। परीक्षा देकर बाहर निकले विद्यार्थियों ने बताया कि उन्होंने पिछली बार भी पूरी मेहनत और तैयारी के साथ परीक्षा दी थी, लेकिन पेपर लीक होने के कारण उन्हें दोबारा परीक्षा देनी पड़ी। विद्यार्थियों ने कहा कि पुनः परीक्षा के लिए उन्हें एक बार फिर कड़ी मेहनत और तैयारी करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि इस बार का पेपर अच्छा रहा और उन्हें बेहतर परिणाम की उम्मीद है। विद्यार्थियों ने कहा, “अब सब किस्मत पर निर्भर है। हमारी ओर से तो हमने 100 में से 100 प्रतिशत प्रयास किया है।

