: मोगा हलके से आम आदमी पार्टी की हलका विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने गांव काहन सिंह वाला में आयोजित लोक मिलनी कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे जनकल्याण और विकास कार्यों पर चर्चा की। इस अवसर पर विधायक ने गांव में चल रहे छप्पड़ के निर्माण कार्य, स्वच्छ पेयजल पाइपलाइन तथा नहरी पानी की पाइपलाइन परियोजना का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। इस लोक मिलनी के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें विधायक के समक्ष रखीं। डॉ. अरोड़ा ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से बातचीत कर उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। इस मौके पर विधायक डा. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार गांवों के विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस मौके तजिंदर सिंह सेबी प्रधान, गुरमीत सिंह सरपंच, जगदीप सिंह बराड़ जोन मीडिया इंचार्ज सहित बड़ी संख्या में गांववासी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने भी विकास कार्यों को लेकर संतोष व्यक्त किया और सरकार के प्रयासों की सराहना की।

