दुकानदार से रंगदारी मांगने और फायरिंग के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई के दौरान एक घायल

voice punjabtime
3 Min Read

 

अमृतसर। शहर में एक कारोबारी की दुकान पर फायरिंग करने और रंगदारी मांगने के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कारोबारी ने शुरुआत में शिकायत दर्ज कराने में हिचक दिखाई, लेकिन मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद जांच शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि फायरिंग से पहले कारोबारी को रंगदारी के लिए फोन कॉल भी आ रही थीं।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन और साजनप्रीत सिंह उर्फ साजन की पहचान की। दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं। कार्रवाई के दौरान मजीठा क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार साजनप्रीत सिंह ने गिरफ्तारी से बचने का प्रयास किया, जिसके दौरान उसके दाहिने पैर में चोट लग गई।

पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जशनप्रीत सिंह को अमृतसर लाते समय मदन मोहन मालवीय रोड के पास पुलिस वाहन के सामने अचानक एक पशु आ गया, जिससे वाहन की गति धीमी करनी पड़ी। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस कर्मी के साथ हाथापाई कर हिरासत से भागने का प्रयास किया। आरोपी ने पुलिस की सरकारी कार्बाइन छीन ली और उसे पुलिस टीम की ओर तान दिया।

उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद एएसआई सतनाम सिंह ने तुरंत कार्बाइन की नाल नीचे की ओर धकेल दी। हाथापाई के दौरान ट्रिगर दबने से एक गोली चल गई, जो जशनप्रीत सिंह के बाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को तत्काल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जशनप्रीत सिंह के खिलाफ पहले से मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित एक मामला दर्ज है। वहीं दूसरे आरोपी साजनप्रीत सिंह के खिलाफ किसी पूर्व मामले की जानकारी नहीं मिली है। इस घटना के संबंध में एक नया मामला भी दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है। इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी डिटेक्टिव रविंदरपाल सिंह, एडीसीपी-2 सिरिवेनेला, एसीपी नॉर्थ गगनदीप सिंह, सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर अमोलक सिंह तथा सिविल लाइंस थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गुरप्रीत सिंह की टीम ने किया।

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *