नूरमहल में विवाहिता की मौत: मायके पक्ष के प्रताड़ना के आरोपों पर 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने दर्ज किया केस

voice punjabtime
2 Min Read

 

जालंधर। नूरमहल के मॉडल टाउन इलाके में 35 वर्षीय विवाहिता सरबजीत कौर की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल परिवार पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले में नूरमहल थाना में केस दर्ज किया गया है और अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका के भाई जय चंद, निवासी गुरु रविदास नगर, बूटा मंडी (जालंधर), ने बताया कि उनकी सबसे छोटी बहन सरबजीत कौर की शादी वर्ष 2012 में मॉडल टाउन, नूरमहल निवासी बलविंदर कुमार के साथ हुई थी। दंपति के दो बच्चे हैं। मायके पक्ष का आरोप है कि सरबजीत कौर लंबे समय से घरेलू विवाद और कथित मानसिक प्रताड़ना का सामना कर रही थी। उन्होंने पति बलविंदर कुमार, ससुर अमरजीत, सास जगीरों और ननद नीलो पर लगातार प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। परिवार का कहना है कि इसी मानसिक तनाव के कारण सरबजीत कौर ने आत्मघाती कदम उठाया। घटना के बाद नूरमहल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और जांच शुरू की। डीएसपी सब-डिवीजन नकोदर एस. ओंकार सिंह बराड़ के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 108, 238 और 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *