जगराओं | चंडीगढ़ से सस्ते दामों पर शराब लाकर जगराओं व आसपास के इलाकों में सप्लाई करने वाले एक शातिर शराब तस्कर को पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को उसकी स्विफ्ट कार समेत गिरफ्तार कर उसके कब्जे से अलग-अलग ब्रांड की 50 पेटियां शराब बरामद की हैं। मामले में थाना सिटी जगराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान गगनदीप सिंह उर्फ गगना, निवासी कोठे राहला, जगराओं के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बस स्टैंड चौकी के इंचार्ज सुखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी लंबे समय से शराब तस्करी के धंधे में लिप्त है और चंडीगढ़ से सस्ती शराब लाकर जगराओं व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता है।
सूचना के मुताबिक आरोपी इस समय भी स्विफ्ट कार में शराब लादकर लुधियाना साइड से कोठे खजूरा रोड की ओर आ रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी की और आरोपी को कार समेत दबोच लिया। तलाशी के दौरान गाड़ी से 50 पेटियां शराब बरामद की गईं।
जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपी पहले भी नशा व शराब तस्करी के मामलों में कई बार जेल जा चुका है और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। जेल से बाहर निकलते ही उसने दोबारा तस्करी का धंधा शुरू कर दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी खेतीबाड़ी और रेत-बजरी के कारोबार की आड़ में शराब की सप्लाई करता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व सप्लाई चैन की गहन जांच की जा रही है।

