मोगा–कोटकपूरा रोड पर बाघापुराना की दाना मंडी के पास हाईवे किनारे तूड़ी बनाने वाली मशीन चलाने वाले एक व्यक्ति की तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। थाना बाघापुराना के एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि जिला तरनतारन के गांव शेख निवासी गुरलाल सिंह (38) बाघापुराना में एक किसान की तूड़ी बनाने के लिए मशीन लेकर आया हुआ था। लेबर की कमी होने के कारण वह लेबर लेने के लिए गया था। 9 मार्च की रात करीब 9 बजे दाना मंडी के पास उसकी मशीन हाईवे किनारे खड़ी थी। इसी दौरान गुरलाल सिंह पैदल सड़क पार करने लगा। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल गुरलाल सिंह को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। एएसआई जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

