नेशनल एनिमल डिजीज कंट्रोल प्रोग्राम (NADCP) के तहत पंजाब सरकार के दिशा-निर्देशों अनुसार पशुपालन विभाग द्वारा पंजाब राज्य के पशुधन को मुंह-खुर रोग से बचाने के लिए टीकाकरण अभियान 15 अप्रैल से शुरू कर दिया गया है। यह अभियान 29.05.2026 तक चलेगा।
मोगा में इस अभियान की शुरुआत आज गांव डरोली भाई से डॉ. हिमांशु सियाल, डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन, मोगा द्वारा की गई। उन्होंने बताया कि मोगा जिले के 2,41,900 पशुओं का टीकाकरण 45 दिनों के भीतर घर-घर जाकर किया जाएगा। यह वैक्सीन जिले की पशु संस्थाओं में उपलब्ध है तथा टीमों द्वारा घर-घर जाकर निःशुल्क लगाई जा रही है। यह टीकाकरण पशुओं के लगे हुए ईयर टैग के अनुसार “भारत पशुधन ऐप” में दर्ज किया जाएगा।
उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुधन को जल्द से जल्द यह वैक्सीन लगवाएं ताकि मुंह-खुर रोग से बचाव किया जा सके। वैक्सीन लगवाने के समय पशुपालक के मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा, जिसकी जानकारी टीकाकरण टीम को देनी होगी, ताकि उसी के आधार पर टीकाकरण का रिकॉर्ड “भारत पशुधन ऐप” पर दर्ज किया जा सके।
डिप्टी डायरेक्टर पशुपालन डॉ. हिमांशु सियाल ने कहा कि यदि किसी का कोई नजदीकी या परिचित पशुपालक टीकाकरण से इनकार करता है, तो उसे वैक्सीनेशन के लाभ समझाकर प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यह बीमारी एक वायरस से फैलती है, और इसका बचाव केवल पशुओं के टीकाकरण से ही संभव है।

