बीएमएस फैशन शोरूम गोलीकांड: मुख्य आरोपी शूटर बिल्ला पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, टांग में गोली लगने के बाद दबोचा

voice punjabtime
3 Min Read

 

जालंधर। जालंधर के किशनपुरा रोड स्थित प्रसिद्ध बीएमएस फैशन शोरूम पर गोलियां चलाने वाले मुख्य आरोपी को जालंधर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी नवल उर्फ बिल्ला को पकड़ने के लिए कार्रवाई की तो उसने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी की टांग में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में काबू कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अवैध पिस्तौल भी बरामद हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मुख्य आरोपी इलाके में मौजूद है। जैसे ही पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने पहुंची, आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पिस्तौल निकालकर पुलिस पर गोलियां चला दीं। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में पुलिस पहले ही एक आरोपी कुश को गिरफ्तार कर चुकी है, जो बस्ती शेख के घास मंडी क्षेत्र का रहने वाला है। उसे काजी मंडी इलाके से पकड़ा गया था। जांच में सामने आया कि कुश विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर डोनी बल्ल के संपर्क में था और उसी के इशारे पर फिरौती व फायरिंग की साजिश रची गई थी। पुलिस का मानना है कि शोरूम पर फायरिंग का मकसद कारोबारियों में डर पैदा कर फिरौती वसूलना था। अब मुख्य आरोपी बिल्ला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस विदेशी गैंगस्टर नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई और वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
करीब 11 दिन पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने बीएमएस फैशन शोरूम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। फायरिंग में शोरूम के मुख्य शीशे पूरी तरह चकनाचूर हो गए थे। हालांकि, घटना के समय कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और वहां मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। वारदात के बाद शोरूम मालिक को विदेशी नंबर से धमकी भरा फोन आया था, जिसमें भारी फिरौती की मांग की गई थी।

मनमोहन सिंह

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *