शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) मोगा की मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग व डायरेक्टर डा.मुस्कान गर्ग के दिशा-निर्देशों पर आज स्कूल के किंडरगार्टन विंग में मिल्क डे एवं व्हाइट कलर डे बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को दूध के पोषण संबंधी महत्व से अवगत कराना तथा सफेद रंग के प्रतीकात्मक महत्व पवित्रता, शांति और अच्छाई के बारे में जानकारी देना था। इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थी सफेद रंग की आकर्षक वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे। बच्चों ने कविता पाठ, कहानी सुनने, रचनात्मक कला गतिविधियों और विभिन्न इंटरैक्टिव कक्षा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने सफेद रंग की वस्तुओं की पहचान की और संतुलित आहार में दूध के महत्व को समझा। इस मौके पर विद्यालय की प्रिंसिपल सुश्री नीतू डांडी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनानी चाहिए और दूध को अपने दैनिक आहार का नियमित हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव होते हैं। इस मौके पर विद्यालय के चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग, डायरेक्टर डॉ. मुस्कान गर्ग, डायरेक्टर अकादमिक गगन सिंह, डीन अकादमिक्स सुश्री रविंदर कौर तथा एचएम सुश्री सोनिया सचदेवा ने किंडरगार्टन शिक्षिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में सीखने के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ जीवन के महत्वपूर्ण मूल्यों को भी सहज रूप से सिखाती हैं। इस कार्यक्रम का समापन बच्चों के उत्साह, मुस्कान और सक्रिय सहभागिता के साथ हुआ। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि द लर्निंग फील्ड – ए ग्लोबल स्कूल बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आनंददायक एवं गतिविधि-आधारित शिक्षा को निरंतर बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।

