लुधियाना में सनसनी, बदमाशों ने परिवार को घर में बंद कर कार फूंकी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

voice punjabtime
2 Min Read

 

 

लुधियाना में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बेखौफ बदमाशों ने एक घर के बाहर खड़ी वरना कार को आग के हवाले कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि वारदात से पहले आरोपियों ने पूरे परिवार को घर के अंदर ही कैद करने के लिए मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया।

 

सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक्टिवा पर सवार दो युवक रात के समय घर के बाहर पहुंचे। पहले उन्होंने मुख्य दरवाजे को बाहर से बंद किया, फिर कार का शीशा तोड़ा, उसमें पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही मिनटों में पूरी तरह राख हो गई।

 

कार मालिक मनप्रीत सिंह ने बताया कि घटना के वक्त उनकी पत्नी, छोटा बच्चा और पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। बाहर से दरवाजा बंद होने के कारण वे तुरंत बाहर नहीं निकल सके। जब आग का पता चला तो किसी तरह छत के रास्ते नीचे आए और फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी।

 

पीड़ित का कहना है कि यह सिर्फ कार जलाने की घटना नहीं, बल्कि पूरे परिवार की जान लेने की कोशिश थी। अगर आग घर तक पहुंच जाती या कार में धमाका हो जाता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। करीब 7 लाख रुपये की कीमत वाली कार पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।

 

घटना के बाद परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। मामले की शिकायत दुगरी थाने में दर्ज कराई गई है। पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *