मोगा। डी.एन. मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सीबीएसई द्वारा Capacity Building Programme on Active Learning विषय पर एक दिवसीय क्षमता निर्माण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 45 अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को प्रभावी, सक्रिय एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों से परिचित करवाना तथा कक्षा-कक्ष को अधिक आनंदमय और सीखने के अनुकूल बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान रिसोर्स पर्सन्स सुश्री इंदरप्रीत कौर एवं सुश्री पूनम अरोड़ा ने विभिन्न गतिविधियों, उदाहरणों, समूह-चर्चाओं एवं व्यावहारिक अभ्यासों के माध्यम से अध्यापकों को सक्रिय अधिगम की विभिन्न तकनीकों से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि जब विद्यार्थियों को सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय रूप से शामिल किया जाता है तो उनकी रुचि, आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है। साथ ही सकारात्मक संवाद, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, विद्यार्थियों की भावनाओं को समझने तथा उन्हें सीखने के लिए प्रेरित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन का विशेष योगदान रहा। प्रेजिडेंट श्री तुषार गोयल, श्री अश्विनी शर्मा मट्टू तथा अन्य प्रबंधन सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उन्होंने कहा कि ऐसे क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों के व्यावसायिक विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के प्रशिक्षण एवं सेमिनार निरंतर आयोजित करते रहने की प्रतिबद्धता व्यक्त की, ताकि शिक्षक अपने ज्ञान एवं शिक्षण कौशल को और बेहतर बना सकें तथा विद्यार्थियों तक विषय-वस्तु को अधिक प्रभावी एवं रोचक ढंग से पहुंचा सकें।
विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती सोनिया कलसी ने रिसोर्स पर्सन्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके द्वारा साझा किए गए अनुभव एवं शिक्षण तकनीकें अध्यापकों के लिए अत्यंत उपयोगी रहेंगी। उन्होंने सभी अध्यापकों को प्रशिक्षण में सीखी गई गतिविधियों एवं पद्धतियों को अपनी कक्षाओं में प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सीबीएसई एवं दोनों रिसोर्स पर्सन्स का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को निरंतर सीखने और स्वयं को बेहतर बनाने का अवसर प्रदान करते हैं, जिसका सीधा लाभ विद्यार्थियों को मिलता है।

