रोटरी क्लब मोगा सिटी के तीज समारोह में बोलियों की थाप पर झूमीं महिलाएं, रतना गर्ग बनीं तीज क्वीन

voice punjabtime
4 Min Read

रोटरी क्लब मोगा सिटी की ओर से अध्यक्ष राजीव बेदी, चेयरमैन विजय मदान, कैशियर विनोद गर्ग एवं सचिव गुरजीत सिंह के नेतृत्व में हवेली में तीज समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में रोटरी क्लब से जुड़े परिवारों की महिलाओं एवं मुटियारों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पंजाबी संस्कृति और विरासत की खूबसूरत झलक पेश की। समारोह का शुभारंभ रोटरी के असिस्टेंट गवर्नर रमेश सिंगला की पत्नी किरण सिंगला ने ज्योति प्रज्वलित करके किया। इस समारोह की शुरूआत सी.ए. संदीप गर्ग की माता कमलेश गर्ग ने करवाई। इस मौके पर आए अतिथियों का स्वागत रुचि बेदी, सुगंधा मित्तल ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के अध्यक्ष राजीव बेदी, चेयरमैन विजय मदान, कैशियर विनोद गर्ग, सचिव गुरजीत सिंह के अलावा संजय गर्ग, मोहित सिंगला, प्रवेश गोयल, संदीप गर्ग, राजीव सिंगला, नरेंद्र अरोड़ा, प्रेम जिंदल, संजीव गुप्ता, तरसेम लाल, राजेश गुप्ता, केवल बांसल, जसपाल बब्बी, गौरव मित्तल, हरप्रीत हैरी, राकेश धमीजा, विनीत गुप्ता, राकेश जिंदल, विजयंत गुप्ता, प्रदीप जिंदल, रोहित बांसल एवं सुशील गर्ग सहित क्लब के अन्य सदस्य विशेष तौर पर उपस्थित रहे। समारोह के दौरान महिलाओं एवं मुटियारों ने पंजाबी बोलियों की थाप पर गिद्धा डालकर खूब धमाल मचाई। टप्पों और बोलियों से हवेली का माहौल पूरी तरह पंजाबी रंग में रंग गया। महिलाओं ने पारंपरिक तीज गीतों और लोक नृत्य के माध्यम से अपनी खुशी का इजहार किया। इसके अलावा महिलाओं के लिए विभिन्न मनोरंजक खेलों का भी आयोजन किया गया, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया। समारोह में रतना गर्ग के सिर तीज क्वीन का ताज सजाया गया, जिसके बाद क्लब की ओर से उन्हें सम्मानित किया गया। इस मौके पर रुचि बेदी ने तीज के पर्व की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि तीज पंजाब की समृद्ध लोक संस्कृति और महिलाओं की खुशियों से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। सावन के महीने में मनाया जाने वाला यह पर्व प्रकृति, उमंग, आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। तीज के अवसर पर महिलाएं एकत्रित होकर गिद्धा, बोलियां और लोकगीतों के माध्यम से अपनी भावनाओं को व्यक्त करती हैं, जिससे नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद मिलती है। चेयरमैन विजय मदान ने कहा कि तीज पंजाब की लोक संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। गिद्धा, बोलियां और लोकगीत हमारी समृद्ध विरासत की पहचान हैं। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जहां महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है, वहीं बच्चों और युवा पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं के साथ जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने वाली सभी महिलाओं एवं क्लब परिवारों का आभार व्यक्त किया। अध्यक्ष राजीव बेदी ने कहा कि रोटरी क्लब मोगा सिटी हमेशा सामाजिक गतिविधियों के साथ-साथ भारतीय एवं विशेष रूप से पंजाबी संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करने के लिए प्रयासरत रहता है। तीज जैसे त्योहार हमारी विरासत की पहचान हैं और इन्हें मिल-जुलकर मनाने से परिवारों में आपसी प्यार और भाईचारा बढ़ता है। उन्होंने कहा कि समारोह का उद्देश्य महिलाओं को मनोरंजन का अवसर देने के साथ-साथ उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ना भी है। समारोह के अंत में सभी ने मिलकर तीज की खुशियां साझा कीं और पंजाबी सभ्याचार को जीवंत रखने का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *