शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था डा. सैफुद्दीन किचलू पब्लिक स्कूल में प्रथम टर्म (टर्म-1) की परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षाओं के मद्देनजर स्कूल परिसर में अकादमिक माहौल बना हुआ है और विद्यार्थी अच्छे परिणाम हासिल करने के लिए पूरे उत्साह एवं आ त्मविश्वास के साथ तैयारी कर रहे हैं। स्कूल प्रबंधन एवं अध्यापकों की ओर से परीक्षाओं से पहले विद्यार्थियों के विषय संबंधी कॉन्सेप्ट स्पष्ट करने के लिए विशेष रिवीजन कक्षाएं एवं अभ्यास सत्र आयोजित किए गए। इस दौरान अध्यापकों ने प्रत्येक विषय के महत्वपूर्ण बिंदुओं को विस्तारपूर्वक समझाया, ताकि विद्यार्थी बिना किसी मानसिक दबाव के परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। स्कूल के चेयरमैन एडवोकेट सुनील गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि टर्म-1 परीक्षाओं को सुचारू एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हाल ही में स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा एवं काउंसलिंग सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से दूर रहने, समय का उचित प्रबंधन करने तथा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर चेयरमैन एडवोकेट सुनील गर्ग, डायरेक्टर सुनीता गर्ग, डीन मलकीत सिंह, प्रिंसिपल हेमप्रभा सूद, हेड मिस्ट्रेस रूही सिंह एवं अध्यापकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परीक्षाएं केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह विद्यार्थियों के ज्ञान, समझ एवं क्षमता का आकलन करने का महत्वपूर्ण अवसर भी होती हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच, पूरी लगन एवं ईमानदारी के साथ परीक्षाएं देने की अपील की। स्कूल प्रबंधन ने अभिभावकों से भी अपील की कि परीक्षा के दिनों में बच्चों को घर पर पढ़ाई के लिए शांत एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाएं। इसके साथ ही बच्चों के खान-पान और पर्याप्त नींद का भी विशेष ध्यान रखें, ताकि वे मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ रहकर परीक्षाओं में अ पना बेहतर प्रदर्शन कर सकें। स्कूल के समस्त स्टाफ ने आशा व्यक्त की कि हर वर्ष की तरह इस बार भी विद्यार्थी अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल एवं अपने अभिभावकों का नाम रोशन करेंगे।

