अनमोल वैल्फेयर क्लब मोगा सिटी की ओर से अध्यक्ष राजेश अरोड़ा के नतेृत्व में 11 अक्टूबर से 20 अक्तूबर तक पुरानी दाना मंडी में नवरात्रों पर आयोजित किए जाने वाले मेले मैय्या दे धार्मिक समागम को लेकर 10 अक्तूबर को मां भगवती के 26 शक्तिपीठों से लाई जा रही पावन ज्योतियों की विशाल शोभा यात्रा आकर्षण का केन्द्र रहेगी। इस संबंधी जानकारी देते हुए समाज सेवी सुरिंदर पाल गोयल छिंदा ने कहा कि जो भक्तजन दूर-दूर तक मां भगवती के शक्तिपीठों के दर्शन करने नहीं जा सकते, उनके लिए एक स्थान पर 26 शक्तिपीठों से लाई पावन ज्योतियों के लोगों को दर्शन करवाना सौभाग्य वाली बात है। उन्होंने कहा कि 26 सिद्धपीठ से महामाई की पवित्र ज्योतियों के साथ-साथ श्री बाला जी महाराज सालासर धाम व भैरव नाथ बाबा जी की पवित्र ज्योति जम्मू कश्मीर स्थित कटड़ा से श्रद्धालुओं के दर्शनों हेतु लाई जाएगी। 10 अक्टूबर को मोगा से पावन ज्योतियों की विशाल शोभा यात्रा गीता भवन से धूमधाम से निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर से 20 अक्तूबर तक रोजाना मां भगवती की चौकियां होंगी, जिसमें भजन सम्राटों द्वारा मां भगवती का गुणगान किया जाएगा।

