मोगा जिले की निहाल सिंह वाला पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कार सवार दो नशा तस्करों को 1 किलोग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। इस संबंध में जानकारी देते हुए डीएसपी निहाल सिंह वाला अनवर अली ने बताया कि वीरवार को गश्त के दौरान एक खास मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्विफ्ट कार नंबर PB-02-ET-3319 में सवार कुछ युवक बरनाला की ओर से बधनी कलां की तरफ भारी मात्रा में हेरोइन लेकर आ रहे हैं।सूचना मिलते ही पुलिस ने बिलासपुर पुल के नीचे नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में सवार आरोपियों की पहचान कुलबीर सिंह और गुरजिंदर सिंह, निवासी जिला अमृतसर के रूप में हुई। गाड़ी की तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 1 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही कार और हेरोइन को कब्जे में लेकर थाना निहाल सिंह वाला में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी ने बताया कि दोनों आरोपियों को आज शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने दो दिन का रिमांड हासिल किया है, ताकि पूछताछ के दौरान नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे किए जा सकें।

