भांजे पर फायरिंग का शक! बेटी की शादी से पहले एनआरआई के घर गोलियां, भोगपुर में दहशत

voice punjabtime
3 Min Read

 

जालंधर। जिले के भोगपुर क्षेत्र के गांव भटनूरा लुबाना में बुधवार देर रात उस समय सनसनी फैल गई जब अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक एनआरआई के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। वारदात रात 1:52 बजे की बताई जा रही है। घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की पहचान मनजीत सिंह के रूप में हुई है, जो इन दिनों अपनी बेटी परविंदर कौर की शादी के सिलसिले में परिवार समेत गांव आए हुए हैं। परिवार घर में मौजूद था कि तभी दो युवक बाइक पर पहुंचे, घर से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा किया, टॉर्च जलाकर मकान की पहचान की और गोलियां चला दीं।

 

भांजे पर शक की सुई

मनजीत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में अपने भांजे शमशेर सिंह पर शक जताया है। उन्होंने बताया कि शमशेर सिंह भी अमेरिका में रहता है और उससे उनकी बातचीत नहीं है। आरोप है कि शमशेर ने अपनी मां (जो कपूरथला में रहती हैं) को फोन कर शादी में न जाने की धमकी दी थी। उसने कथित तौर पर कहा था कि अगर कोई शादी में गया तो वह वहां फायरिंग करवा देगा।मनजीत सिंह ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी बहन का बेटा गगनदीप सिंह गोद लिया है, जो पक्के तौर पर अमेरिका रह रहा है। उसके 2 भांजे शमशेर सिंह और गुरप्रीत सिंह भी अमेरिका में रह रहे हैं। शमशेर सिंह के साथ हमारी इतनी बातचीत नहीं है और गगनदीप की भी शमशेर सिंह के साथ ज्यादा बातचीत नहीं है। इनका आपस में किसी बात को लेकर झगड़ा चल रहा है।

पुलिस फिलहाल इन आरोपों की जांच कर रही है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

 

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात..

 

घटना की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसमें दो युवक बाइक पर गांव में प्रवेश करते दिख रहे हैं। वे पहले घर की रेकी करते हैं और फिर फायरिंग कर फरार हो जाते हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

बेटी की शादी की खुशियां अचानक गोलियों की आवाज से खामोश हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *