जालंधर। मानव अधिकार की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत को विदेशी नंबर से धमकी भरी कॉल मिलने का मामला सामने आया है। कॉल करने वाले ने न तो अपनी पहचान बताई और न ही किसी तरह की पैसों की मांग की, बल्कि राजनीति और हालिया गतिविधियों को लेकर डराने-धमकाने की कोशिश की। आरोपी ने कहा, “राजनीति का बहुत शौक है, देख लेंगे… आने वाले दिनों में पता चल जाएगा मैं कौन हूं,” और फिर कॉल काट दी। आरती राजपूत ने बताया कि बीती रात आए इस इंटरनेशनल कॉल में पहले उनसे नाम की पुष्टि की गई और फिर अभद्र भाषा में बात की गई। कॉलर ने उनके इंटरव्यू और सड़क बंद होने के मुद्दे पर उठाई जा रही आवाज का जिक्र करते हुए धमकी दी। जब आरती ने कॉलर की पहचान पूछी, तो उसने कहा कि “जल्दी ही सामने आकर बता देगा,” और कॉल डिस्कनेक्ट कर दी।
उन्होंने बताया कि दो दिन पहले श्रीराम चौक और कंपनी बाग चौक पर सरकारी कार्यक्रम के कारण सड़कें बंद थीं, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हुई। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम, डीसी और जालंधर कमिश्नरेट पुलिस को शिकायत दी थी। आरती का कहना है कि यह कॉल उन्हें शिकायत वापस लेने के लिए डराने की कोशिश हो सकती है, लेकिन वह दबाव में आने वाली नहीं हैं। उन्होंने थाना एक की पुलिस को कॉल डिटेल और वीडियो साक्ष्य सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

