दिन-दहाड़े मोगा में पीआरटीसी बसों को रोककर लूटपाट, कंडक्टर से मारपीट कर कैश बैग छीना

voice punjabtime
2 Min Read

 

 

 

मोगा-बरनाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर आज दोपहर लगभग 3:40 बजे दिन-दहाड़े लूटपाट की सनसनीखेज वारदात सामने आई। पीआरटीसी की मोगा से संगरूर जा रही बस (नंबर 13वी आई 1171) को बस अड्डे के पास स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपियों ने सवारी चढ़ाने का बहाना बनाकर पहले ड्राइवर के साथ मारपीट शुरू कर दी और फिर कंडक्टर से नकदी से भरा कैश बैग छीनकर फरार हो गए। इसी दौरान पीबी 19 एम 2351 नंबर की एक अन्य पीआरटीसी बस भी मौके पर आकर रुक गई, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बस में सवार महिलाओं कश्मीर कौर और रणजीत कौर सहित अन्य यात्रियों ने बताया कि कंडक्टर सुरजीत सिंह की बुरी तरह पिटाई की गई, उनकी पगड़ी उतार दी गई और सिर पर चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात के एक घंटे बाद तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची, जिससे लोगों में रोष व्याप्त है। यात्रियों ने कहा कि ऐसी घटनाओं के कारण आम लोगों का घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

 

थाना प्रभारी गुरविंदर BHULLAR का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि बसंत सिंह नाम का एक व्यक्ति अपने रिश्तेदार को बस में चढ़ाने आया था। इसी दौरान जब एक महिला बस में चढ़ रही थी, तो बस चालक ने बस चला दी, जिसको लेकर कहासुनी शुरू हो गई। कहासुनी बढ़ने पर बस चालक और कंडक्टर के साथ हाथापाई हो गई। पुलिस के अनुसार इस मामले में किसी भी प्रकार की लूट की वारदात नहीं हुई है। घटना में घायल बस चालक और कंडक्टर को मोगा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *