मोगा पुलिस ने दुकान में हुई चोरी के मामले को सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया इलेक्ट्रॉनिक सामान भी बरामद किया है। जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी इंस्पेक्टर हरबिंदर सिंह ने बताया कि थाना सदर पुलिस को गांव डरोली भाई में एक सरकारी स्कूल से शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता के अनुसार 27–28 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर से एलईडी, प्रिंटर, डीवीआर, मॉनिटर और सीपीयू सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और गुप्त सूचना के आधार पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह निवासी गांव दामियां भगतू और रविंदर सिंह पुत्र राजा निवासी गांव दामियां भगतू, जिला मोगा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया है, जिसमें 7 मॉनिटर, 2 सीपीयू, 1 प्रोजेक्टर, 1 डीवीआर और 1 एलसीडी (32 इंच) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी पहले भी किसी अन्य चोरी की वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं।

