खन्ना के आनंद नगर में आज गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें दिखाई दे रहा है कि तीन बच्चों द्वारा गुटका साहिब के अंग फाड़कर सड़क पर फेंके गए हैं। बेअदबी का पता चलने पर भारी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, लोगों में रोष बना हुआ है। देर रात तक डीएसपी समराला तरलोचन सिंह, डीएसपी खन्ना विनोद कुमार की अलग अलग टीमें जांच में जुटी हैं। खबर लिखे जाने तक बेअदबी करने वाले तीन बच्चों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। एसजीपीसी की टीेमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। टीम ने गुटका साहिब के अंगों को संभाल लिया गया है। एसजीपीसी टीम के सदस्य परमजीत सिंह ने बताया कि घटना का पता चलने पर मौके पर पहुंचे थे। बेअदबी की घटना बहुत ही निंदनीय है, पुलिस को शिकायत दी गई है, जल्द से जल्द जांच कर आरोपियों को पकड़कर सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। शिअद के हलका इंचार्ज यादविंदर सिंह यादू ने कहा कि बेअदबी की घटना को अंजाम देकर माहौल खराब करने की कोशिश की गई है। पुलिस को जल्द से जल्द जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। आप के हरीश गुप्ता, करुण अरोड़ा, राजिंदर सिंह जीत, परमप्रीत सिंह पौंपी, विक्की भाटिया ने कहा कि कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद के कहने पर मौके पर पहुंचे थे, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ लिया है। मामले की तय तक पहुंचने के लिए पुलिस टीमें जांच में जुटी हैं। वार्ड पार्षद हरदीप नीनू ने कहा कि घटना का पता चलने पर मौके पर पहुंचे थे, मोहल्ले के लोगों को साथ लेकर पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है, पुलिस को जल्द आरोपियों को पकड़ना चाहिए। उधर, डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि घटना का पता चलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने तीन बच्चों को हिरासत में ले लिया है। सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। आरोपियों को खिलाफ केस दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके ध्यान में लाया गया है कि उक्त इलाके में कई लोग बिना वेरिफिकेशन के रह रहे हैं। इलाके में जांच की जाएगी, अगर किसी ने भी बिना वेरिफिकेशन के किराए पर मकान दिया है या बिना पहचान पत्रों के रखा है, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
खन्ना के आनंद नगर में आज गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है
Leave a comment

