शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) के विद्यार्थियों ने गत दिवस बरनाला में संपन्न हुई पहली वी.सी.ए शूटिंग चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए गोल्ड व सिल्वर मेडल का खिताब जीतकर स्कूल और शहर का नाम रोशन किया। आज स्कूल पहुंचने पर विद्यार्थियों का भव्य स्वागत किया गया। स्कूल के चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन बरनाला में किया गया, जिसमें लगभग 410 स्कूलों और क्लबों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इस
प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ी नमन गुप्ता और वान्या गुप्ता ने उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया, जबकि रिशव सिंगला ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने बताया कि नमन और वान्या ने पूरे आत्मविश्वास, एकाग्रता और बेहतरीन तकनीक के साथ प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किया। वहीं रिशव सिंगला ने भी कड़ा संघर्ष करते हुए सिल्वर मेडल जीतकर अपनी दृढ़ता और प्रतिभा का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, समर्पण और अनुभवी कोच के मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही, स्कूल के मजबूत खेल कार्यक्रम का भी यह प्रमाण है, जो पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी समान महत्व देता है।
इस शानदार सफलता से पूरे स्कूल में खुशी का माहौल है। इस मौके पर स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग व डायरेक्टर डा.मुस्कान गर्ग तथा अध्यापकों ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग ने कहा कि यह जीत न केवल स्कूल के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने खिलाड़ी नमन, वान्या और रिशव को हार्दिक बधाई देते हुए इसी तरह आगे भी सफलता के नए मुकाम हासिल करने को प्रेरित करते आशीर्वाद दिया।

