मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100 ग्राम हेरोइन, एक एक्टिवा और एक चोरी की रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और आकाशदीप सिंह उर्फ छोट्टू निवासी अमृतसर के रूप में हुई है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएचओ वरुण कुमार ने बताया कि एसएसपी मोगा के निर्देशों पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए स्टाफ मोगा की टीम संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी और आकाशदीप सिंह उर्फ छोट्टू नशा तस्करी में शामिल हैं और एक्टिवा नंबर PB02-EE-5958 पर सवार होकर मोगा से लुहारा रोड की तरफ जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर दोनों आरोपियों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 100 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों के पास मौजूद रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल चोरी की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी मोगा में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा स
के।

