रविदासपुरा में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों को मिला राहत भरा उपचार

voice punjabtime
3 Min Read

 

जगराओं के वार्ड नंबर 16 स्थित मोहल्ला रविदासपुरा में सेवा भाव और जनस्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी की एक मिसाल देखने को मिली। शहीद भगत सिंह क्लब के प्रधान रविंदरपाल सिंह राजू कामरेड व पूर्व नगर कौंसिल प्रधान जतिंदरपाल राना की अगुवाई में गुरुद्वारा रविदासपुरा में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद लोगों की सेहत का ख्याल रखना और उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध करवाना था।

इस जनसेवा शिविर में सुखवीन हॉस्पिटल जगराओं की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दीं। ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. दिव्यांशु गुप्ता और हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. साहिल बंसल ने मरीजों की जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी सलाह दी।

करीब 200 लोगों की जांच कर उनके ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच की गई। स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जरूरतमंद मरीजों को मौके पर ही निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। जिन मरीजों को सर्जरी की आवश्यकता पाई गई, उन्हें आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाओं के तहत मुफ्त इलाज की सुविधा की जानकारी देकर राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।

डॉक्टरों ने भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि छोटी-छोटी स्वास्थ्य समस्याओं को नजरअंदाज करना भविष्य में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है, इसलिए नियमित जांच और संतुलित जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।

इस अवसर पर मास्टर सुखनंदन, कुमार, प्रेम गहलोत, अश्वनी शर्मा बल्लू विक्की भगवंत सिंह, हरदेव सिंह, अमृतपाल सिंह, सतनाम सिंह,रमनदीप सिंह, सुखदीप सिंह, गुरमुख सिंह, बाबा जिंदर, सुखपाल सिंह मनप्रीत सिंह सहित कई समाजसेवी मौजूद रहे, जिन्होंने इस सेवा कार्य को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि ऐसे शिविर न केवल लोगों को मुफ्त इलाज उपलब्ध कराते हैं, बल्कि उन्हें अपनी सेहत के प्रति जागरूक भी बनाते हैं।

क्लब के सदस्यों ने स्पष्ट किया कि समाजसेवा का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा, ताकि हर जरूरतमंद तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।

अंत में क्लब की ओर से सुखवीन हॉस्पिटल जगराओं की टीम का विशेष धन्यवाद किया गया, जिनकी बदौलत यह सेवा कार्य सफल हो सका।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *