फिलीपींस की राजधानी मनीला में फरीदकोट की महिला की गोली मारकर हत्या, गांव घणिए वाला में शोक

voice punjabtime
2 Min Read

 

जिले के गांव घणिए वाला की रहने वाली सुखवीर कौर बराड़ की फिलीपींस की राजधानी मनीला में अज्ञात हमलावरों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात उस समय हुई जब वह अपने फाइनांस कारोबार की वसूली के सिलसिले में बाजार जा रही थीं। घटना के बाद परिवार और गांव में गहरा शोक है।

जानकारी के अनुसार सुखवीर कौर बराड़ अपने पति इकबाल सिंह बराड़ के साथ पिछले कई वर्षों से फिलीपींस में रह रही थीं और वहां फाइनांस कारोबार से जुड़ी हुई थीं। बताया जा रहा है कि इन दिनों इकबाल सिंह अपने पैतृक गांव घणिए वाला आए हुए थे, जबकि कारोबार की जिम्मेदारी सुखवीर कौर संभाल रही थीं। एक दिन पहले रविवार को जब वह वसूली के लिए निकलीं तो रास्ते में अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमला इतना अचानक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। सुखवीर कौर के पति इकबाल सिंह तुरंत वापस मनीला के लिए रवाना हो गए हैं। परिवार के करीबी तरसेम सिंह बराड़ ने बताया कि मृतका का अंतिम संस्कार पार्थिव देह भारत लाए जाने के बाद गांव घणिए वाला में किया जाएगा। इस घटना के बाद गांव घणिए वाला सहित पूरे इलाके में शोक की लहर है। बड़ी संख्या में लोग परिवार के घर पहुंचकर दुख साझा कर रहे हैं। वहीं विदेशों में रह रहे पंजाबी परिवारों की सुरक्षा को लेकर भी कई सवाल खड़े होने लगे हैं।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *