मोगा के ड्रग हॉटस्पॉट एरिया साधा वाला बस्ती के पास स्थित एक खाली प्लॉट में 42 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के हाथ में नशे का इंजेक्शन पकड़ा हुआ मिला, जिससे नशे के ओवरडोज की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोगा समाजसेवा सोसाइटी की मदद से पोस्टमार्टम के लिए मोगा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया।
गौरतलब है कि मोगा के साधा वाला बस्ती क्षेत्र को ड्रग हॉटस्पॉट एरिया माना जाता है। बीते कुछ दिनों में इसी इलाके से कई युवकों के नशे की हालत में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अब इसी क्षेत्र से संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आने से नशे के बढ़ते कारोबार पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस द्वारा लगातार छापेमारी किए जाने के बावजूद नशा तस्कर बेखौफ होकर अपना कारोबार चला रहे हैं, जिसके चलते नौजवान नशे की दलदल में फंस रहे हैं और कई मामलों में मौत तक हो रही है।
मोगा सिटी साउथ के एसएचओ गुरविंदर सिंह भुल्लर ने बताया कि आज सुबह 112 पर सूचना मिली थी कि साधा वाला बस्ती के नजदीक एक खाली प्लॉट में एक शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने बताया कि शव की पहचान के लिए उसे 72 घंटे तक सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी।

