मोगा के धर्मकोट से एक बहू द्वारा अपने सास की पिटाई करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर बहत वायरल हुई थी।
लोहगढ़ बस्ती निवासी बलविंदर कौर के घर की सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी। फुटेज में कथित तौर पर सास बलविंदर कौर अपनी बहू से बच्चों को लेने जाने के लिए कह रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया और आरोप है कि बहू ने सास के साथ हाथापाई की तथा उन्हें बालों से पकड़कर घसीटा। सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया, जिसके बाद महिला आयोग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए
संज्ञान (सुओ मोटू) लिया है। आयोग ने मोगा के एसएसपी को पत्र जारी कर मामले की किसी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से जांच करवाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही 8 जून तक इस संबंध में रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
इस मामले में धर्मकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर लछमन सिंह ने बताया कि लोहगढ़ बस्ती, धर्मकोट में सास-बहू के विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस संबंध में लोहगढ़ बस्ती निवासी बलविंदर कौर ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उनका बेटा विदेश में रहता है और उनकी बहू करमजीत कौर उनके साथ मारपीट करती है।शिकायत के आधार पर कर्मवीर कौर को थाने में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया था, लेकिन वह जांच में शामिल होने के लिए नहीं पहुंची। एसएचओ ने बताया कि शिकायत के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, द्वारा मांगी गई रिपोर्ट भी तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।

