प्रॉपर्टी के लालच में सगे भाई ने की एनआरआई भाई की हत्या, 15 दिन बाद चार आरोपी गिरफ्तार

voice punjabtime
4 Min Read

 

अमृतसर। ऑस्ट्रेलिया से अमृतसर आए प्रवासी भारतीय (एनआरआई) सुनील शर्मा की गुमशुदगी का मामला हत्या में बदल गया है। अमृतसर देहाती पुलिस ने करीब 15 दिन की जांच के बाद सुनील शर्मा की हत्या के आरोप में उनके सगे भाई सतीश शर्मा उर्फ सन्नी, उसकी पत्नी, बेटे और एक प्रॉपर्टी डीलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि संपत्ति पर कब्जा करने के लिए सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि सुनील शर्मा ऑस्ट्रेलिया के नागरिक थे और अपने अमृतसर स्थित पैतृक घर की मरम्मत और रंगाई-पुताई के लिए पंजाब आए थे। 22 मई के बाद उनसे संपर्क टूट गया था। उनके मित्र गौरव कंधारी और अन्य परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, टोल प्लाजा रिकॉर्ड, तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस ने सतीश शर्मा उर्फ सन्नी निवासी बिल्यू सिटी, उसकी पत्नी अनुश्का शर्मा, बेटे सुनीश शर्मा और प्रॉपर्टी डीलर लछमन सिंह उर्फ बल्ल निवासी आरबी एस्टेट को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रॉपर्टी डीलर मनजिंदर सिंह निवासी महिमूदपुर और जज्जबीर सिंह उर्फ बाबा निवासी भगूपुर अभी फरार हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि सतीश शर्मा ने अपने भाई सुनील शर्मा की अमृतसर स्थित कोठी और मोहाली सहित परिवार की अन्य संपत्तियों पर कब्जा करने की नीयत से प्रॉपर्टी डीलर मनजिंदर सिंह, जज्जबीर सिंह और लछमन सिंह के साथ मिलकर साजिश रची थी। आरोपियों ने पहले संपत्ति से जुड़े दस्तावेज तैयार करवाए और बाद में सुनील शर्मा को कोठी बेचने के बहाने अमृतसर बुलाया।

एसएसपी ने बताया कि घटना वाले दिन तीनों प्रॉपर्टी डीलर सुनील शर्मा की कोठी पहुंचे। वहां खाने में नीद की गोलियों का पाउडर मिलाया गया। जब सुनील शर्मा बेहोश हो गए तो दोपहर बाद सतीश शर्मा अपने बेटे सुनीश शर्मा के साथ वहां पहुंचा। बहसबाजी के दौरान सतीश शर्मा ने बेसबॉल बैट से हमला कर सुनील शर्मा की हत्या कर दी।

जांच में यह भी सामने आया कि हत्या के बाद अनुश्का शर्मा भी घटनास्थल पर पहुंची। आरोपियों ने शव को गद्दे में लपेटकर सुनील शर्मा की कार में रखा। बाद में सतीश शर्मा, उसका बेटा सुनीश शर्मा और अन्य सहयोगियों ने शव को हरिके क्षेत्र में नदी में फेंक दिया। इसके बाद सुनील शर्मा की कार को श्री दरबार साहिब के निकट पार्किंग में खड़ा कर दिया गया ताकि जांच को गुमराह किया जा सके।

वारदात के बाद आरोपी सतीश शर्मा, अनुश्का शर्मा और सुनीश शर्मा अमृतसर छोड़कर दिल्ली और जालंधर क्षेत्र में छिपकर रहने लगे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश का रिमांड पर लिया गया है।

एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि मामले में नामजद प्रॉपर्टी डीलर मनजिंदर सिंह और जज्जबीर सिंह उर्फ बाबा की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस उनकी तलाश में छापेमारी कर रही है। हरिके क्षेत्र में एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियों की मदद से शव की तलाश भी जारी है।

बॉक्स

बेटी ने वीडियो जारी कर लगाई थी गुहार:

गौर हो कि सुनील शर्मा की बेटी सुरभि शर्मा ने पिता के लापता होने के बाद वीडियो जारी कर पंजाब सरकार और पुलिस से उन्हें तलाशने की अपील की थी। उन्होंने बताया था कि उनके पिता ऑस्ट्रेलिया में शिक्षक थे और घर की देखरेख के लिए पंजाब आए थे। सुरभि ने अपने चाचा सतीश शर्मा पर भी संदेह जताया था और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी।

Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *