मोगा कश्मीरी पार्क में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह और जोश के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम में डिप्टी कमिश्नर, एसएसपी मोगा, एसडीएम , सिविल सर्जन मोगा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी योगाभ्यास करने पहुंचे। इस आयोजन में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों, विभिन्न योग संस्थाओं के सदस्यों तथा आम जनता ने भी हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने योग के महत्व को समझते हुए नियमित रूप से योग अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना और योग को जन-जन तक पहुंचाना था। इस मौके पर जानकारी देते हुए मोगा के सिविल सर्जन डॉ. अशोक सिंगला ने कहा कि नियमित रूप से योग करने से शरीर और मन को काफी राहत और ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में हर व्यक्ति को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा योग अवश्य करना चाहिए। योग न केवल शारीरिक फिटनेस बनाए रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी दूर करने में सहायक होता है।

