जिला मोगा के अधीन आते गांव दौधर शर्की में जमीन दिलाने के नाम पर ₹51 लाख की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। थाना बधनी कलां पुलिस ने एक महिला सहित 6 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है। जानकारी देते हुए थाना बधनी कलां के सब इंस्पेक्टर प्रीतम सिंह ने बताया कि गांव दौधर शर्की निवासी संदीप सिंह ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया था कि बधनी कलां और चूडचक्क निवासी कुछ लोगों ने उसे अपने झांसे में लेकर जमीन का सौदा करवाया। आरोपियों ने विश्वास में लेकर उससे अलग-अलग किश्तों में कुल ₹51 लाख रुपए प्राप्त कर लिए, लेकिन बाद में न तो जमीन उसके नाम करवाई गई और न ही उसकी रकम वापस की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मोगा द्वारा जांच डीएसपी निहाल सिंह वाला को सौंपी गई थी। जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए, जिसके बाद थाना बधनी कलां में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश जारी किए गए। पुलिस ने अमनदीप सिंह, पवनप्रीत सिंह, सिमरजीत कौर, इंदरपाल सिंह, बलराज सिंह और भरत भूषण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) (धोखाधड़ी) तथा धारा 3(5) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

