शहर की प्रमुख शिक्षण संस्था द लर्निंग फील्ड ए ग्लोबल स्कूल (टी.एल.एफ) मोगा की मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन प्रवीण गर्ग, चेयरमैन इंजी. जनेश गर्ग व डायरेक्टर डा.मुस्कान गर्ग के दिशा-निर्देशों पर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा अपने घरों में ही अपने पिता के साथ फादर्स डे बड़े उत्साह और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल ने विद्यार्थियों के लिए विभिन्न आॅनलाइन गतिविधियों का आयोजन किया, जिनका उद्देश्य बच्चों के जीवन में पिता की महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मान देना था। स्कूल के किंडरगार्टन से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपने पिता के प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड, कलात्मक क्राफ्ट, चित्रकारी, प्रशंसा पत्र, वीडियो संदेश, स्क्रैपबुक तथा यादगार किस्सों के माध्यम से अपने भाव साझा किए। इस दौरान आनलाइन नन्हें विद्यार्थियों ने सुंदर उपहार और कार्ड तैयार किए, जबकि वरिष्ठ विद्यार्थियों ने भावनात्मक पत्र और प्रेरणादायक वीडियो प्रस्तुत कर अपने पिता से सीखे जीवन मूल्यों को साझा किया। इन गतिविधियों ने बच्चों की रचनात्मकता और अभिव्यक्ति को बढ़ावा देने के साथ-साथ पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक संबंधों को भी मजबूत किया। इस मौके पर स्कूल के चेयरमैन इंजी.जनेश गर्ग, डायरेक्टर डॉ. मुस्कान गर्ग, डीन एकेडमिक्स रविंदर कौर तथा प्रिंसिपल नीतू डांडी ने विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और अभिभावकों के सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों के विकास में पिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है और उनके योगदान का सम्मान हर दिन किया जाना चाहिए। विद्यालय परिवार ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि पिता का प्रेम, मार्गदर्शन और त्याग ही बच्चों की सफलता और खुशियों की मजबूत नींव होता है। कार्यक्रम का समापन खुशी और भावनाओं से भरे माहौल में हुआ, जिससे विद्यार्थियों के मन में अपने पिता के प्रति सम्मान और भी अधिक बढ़ा तथा उन्हें कई सुखद यादें मिलीं।

