पंजाब सरकार की 1 जुलाई से शुरू हो रही ‘मुख्यमंत्री मांवा-धीयां सत्कार’ योजना को लेकर शहरी और ग्रामीण विधानसभा हलकों में 2134 पोलिंग बूथ पर अब तक 80% महिलाओं के फार्म भरे जा चुके है। वहीं दूसरी तरफ राज्य में सुबह 8 से 2 बजे तक एक साथ आवेदन होने के कारण कई बार पोर्टल का सर्वर धीमा पड़ रहा है और अस्थायी रूप से डाउन हो रहा है। जिस कारण महिलाओं को लंबी लाइनों में खड़ा रहना पड़ रहा है। हालांकि सरकार ने इस योजना को घर-घर पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी की महिला विंग की टीम आंगनवाड़ी वर्करों के साथ मिलकर फार्म भरवा रही है। बता दें कि योजना के तहत महिलाओं को 1 जुलाई 2026 से आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। जिसमें सामान्य वर्ग की महिलाओं को 1 हजार रुपए और अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह दिए जाएंगे।
बॉक्स
फिंगर प्रिंट जरूरी नहीं, सिर्फ बुजुर्ग महिलाओं के बैंक वाले मोबाइल नंबर आ रहे बंद : जिला प्रधान
आम आदमी पार्टी की महिला विंग की जिला प्रधान कामना आनंद ने बताया कि शहरी और ग्रामीण हलकों में 80% महिलाओं के फार्म भरे जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि 10 में से 3 बुजुर्ग महिलाओं के पुराने बैंक खातों से जुड़े मोबाइल नंबर अब बंद हो चुके हैं, जिससे आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में मुश्किल आ रही है। जबकि आवेदन प्रक्रिया में फिंगरप्रिंट की आवश्यकता नहीं है।
पिंकेश कुमार

