गांव कपूरे में आवारा कुत्तों के कारण बने दहशत के माहौल को देखते हुए जिला प्रशासन मोगा ने विभिन्न विभागों के सहयोग से कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन के सख्त निर्देशों के तहत ब्लॉक विकास एवं पंचायत कार्यालय तथा पशुपालन विभाग ने एनिमल वेलफेयर संस्था चूहड़चक्क के सहयोग से गांव से 15–20 आवारा कुत्तों को पकड़ लिया है।
गांव में मौजूद अन्य आवारा कुत्तों को भी पकड़कर उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। संस्था द्वारा इन आवारा कुत्तों की नसबंदी भी करवाई जाएगी।
डिप्टी कमिश्नर मोगा श्री सागर सेतिया ने बताया कि जिला प्रशासन मोगा जिले के लोगों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। यदि किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की समस्या आती है, तो उसका उचित एवं शीघ्र समाधान करने के लिए प्रशासन हमेशा प्रयासरत रहेगा। उन्होंने कहा कि गांव कपूरे में आवारा कुत्तों द्वारा लोगों को काटने और घायल करने की घटनाएं सामने आने के बाद प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीडीपीओ धर्मकोट धर्मदास ने कहा कि इस कार्य को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा और गांववासियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

